मुंगेर-बिहार में पारंपरिक खेलों को पुनः गौरव दिलाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल के तहत पार्वती देवी सब जूनियर बिहार स्टेट बालक एवं बालिका खो-खो चैंपियनशिप 2025-26 का आयोजन किया जा रहा है। यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता बिहार के उप मुख्यमंत्री सह गृह मंत्री श्री सम्राट चौधरी की पूज्य माताजी स्वर्गीय पार्वती देवी के नाम पर आयोजित हो रही है, जिसका मुख्य उद्देश्य भारतीय पारंपरिक खेल खो-खो को जमीनी स्तर तक पहुँचाना और ग्रामीण क्षेत्रों की छिपी प्रतिभाओं को निखारना है।
इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का आयोजन 27 एवं 28 जनवरी 2026 को सेंट मैरी इंग्लिश स्कूल, संग्रामपुर, मुंगेर जिला में किया जाएगा। आयोजन खो-खो एसोसिएशन ऑफ बिहार एवं मुंगेर जिला खो-खो संघ के संयुक्त तत्वावधान में हो रहा है। इस आयोजन में जनकल्याण शिव शक्ति हरिमोहन फाउंडेशन तथा आर्ट, कल्चरल एंड यूथ स्पोर्ट्स डेवलपमेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया का महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त है।
उप मुख्यमंत्री का आशीर्वाद और समर्थन
इस प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर बिहार के उप मुख्यमंत्री सह गृह मंत्री श्री सम्राट चौधरी ने आयोजन समिति के प्रमुख, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं मुंगेर जिला खो-खो संघ के सचिव श्री हरिमोहन सिंह से अपने आवास पर विशेष मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का मजबूत माध्यम है और राज्य सरकार खेल एवं खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए हर संभव सहयोग करती रहेगी।
उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बिहार के गांव-कस्बों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत है उन्हें सही मंच और मार्गदर्शन देने की। यह प्रतियोगिता उसी दिशा में एक सार्थक कदम है।
ग्रामीण स्तर से राष्ट्रीय मंच तक
इस सब जूनियर बिहार स्टेट खो-खो चैंपियनशिप के माध्यम से चयनित प्रतिभाशाली खिलाड़ी हरियाणा में आयोजित सब जूनियर नेशनल खो-खो चैंपियनशिप 2025-26 में बिहार राज्य टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह प्रतियोगिता न केवल खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव प्रदान करेगी, बल्कि उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर भी देगी।
आयोजन समिति के अनुसार, इस प्रतियोगिता के आधार पर बिहार स्टेट सब जूनियर बालक एवं बालिका वर्ग की टीम का चयन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ी 31 जनवरी से 4 फरवरी 2026 तक हरियाणा में आयोजित 35वीं जूनियर नेशनल खो-खो चैंपियनशिप 2025-26 में भाग लेंगे।इस ऐतिहासिक आयोजन में बिहार और मुंगेर जिले की राजनीति, प्रशासन एवं समाज के कई प्रतिष्ठित व्यक्तियों की उपस्थिति प्रस्तावित है। मुख्य अतिथि के रूप में बिहार सरकार के उप मुख्यमंत्री सह गृह मंत्री श्री सम्राट चौधरी के पिताजी, पूर्व सांसद, पूर्व बिहार विधानसभा उपाध्यक्ष एवं पूर्व स्वास्थ्य मंत्री श्री शकुनी चौधरी की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
इसके अतिरिक्त मुंगेर विधानसभा विधायक, जमालपुर विधानसभा विधायक, मुंगेर जिला परिषद के अध्यक्ष, मुंगेर नगर निगम के मेयर, डिप्टी मेयर, जमालपुर नगर परिषद के डिप्टी मेयर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ प्रशासनिक पदाधिकारी इस कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।मुंगेर जिला खो-खो संघ के सचिव श्री हरिमोहन सिंह ने बताया कि आयोजन को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। खेल मैदान की व्यवस्था, खिलाड़ियों के आवासन, भोजन, परिवहन, सुरक्षा, चिकित्सा सुविधा एवं पुरस्कार वितरण को लेकर समिति की विस्तृत बैठकें की जा चुकी हैं।उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, ताकि वे बिना किसी परेशानी के अपने खेल कौशल का प्रदर्शन कर सकें।खो-खो एसोसिएशन ऑफ बिहार के महासचिव श्री नीरज कुमार पप्पू ने इस आयोजन के लिए आयोजक मंडल एवं राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि खो-खो जैसे पारंपरिक खेल को जीवंत बनाए रखने के लिए इस प्रकार की प्रतियोगिता अतिआवश्यक.
उनका कहना था कि बिहार ने खो-खो में कई उत्कृष्ट खिलाड़ी देश को दिए हैं और आने वाले समय में यह प्रतियोगिता नई प्रतिभाओं को सामने लाने का कार्य करेगी।यह चैंपियनशिप केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि बिहार की ग्रामीण खेल संस्कृति को सशक्त बनाने का अभियान है। स्वर्गीय पार्वती देवी के नाम पर आयोजित यह प्रतियोगिता सामाजिक सरोकार, खेल भावना और युवा सशक्तिकरण का प्रतीक बन रही है।
ग्रामीण क्षेत्रों के होनहार खिलाड़ियों को मंच देकर उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाने की यह पहल निस्संदेह बिहार के खेल इतिहास में मील का पत्थर साबित होगी।
