मुंगेर (जमालपुर )-नगर परिषद क्षेत्र में 77वें गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर देशभक्ति और सामाजिक समरसता का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। इस अवसर पर नगर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर झंडोत्तोलन कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं बच्चों की सहभागिता रही।कार्यक्रम की शुरुआत नया टोला केशोपुर स्थित त्रिकंटक शिव मंदिर के समीप की गई, जहाँ गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में देशभक्ति गीतों और “भारत माता की जय” के नारों के बीच राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों के सहयोग से कार्यक्रम में उपस्थित बच्चों को पठन-पाठन एवं लेखन सामग्री देकर सम्मानित किया गया तथा उन्हें मिठाई खिलाकर उत्साहवर्धन किया गया।इसके पश्चात गेट नंबर–6, अंबेडकर चौक (छोटी केशोपुर) के समीप झंडोत्तोलन से पहले भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। साथ ही महापुरुषों एवं वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद “भारत माता की जय” के गगनभेदी उद्घोष के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया।डोका मुसहरी क्षेत्र में भी महादलित परिवारों के बीच झंडोत्तोलन कर गणतंत्र दिवस मनाया गया, जहाँ मिठाई वितरण के साथ सामाजिक सौहार्द और समानता का संदेश दिया गया। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज को जोड़ने वाला प्रयास बताया।इस पूरे आयोजन में भाई प्रमोद फौजी का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम को सफल बनाने में योगेंद्र कुमार दास, उपेंद्र दास, नीतीश दास, मोनू कुमार, पप्पू कुमार, संदीप मंडल, रूपेश फौजी, सुधीर, संजीवन, आकाश, राजेश ठाकुर, छोटू पासवान, मुकेश पासवान, चंद्रकांत मणि, मनोज, रंजन, धीरज दास, प्रेम तांती, संजीत, चंद्रशेखर, अमित सहित अन्य सहयोगी साथियों की सक्रिय भूमिका रही।गणतंत्र दिवस के इस आयोजन ने देशभक्ति, सामाजिक एकता और संविधान के प्रति सम्मान का संदेश दिया।
