
पाकिस्तान की राजनीति और टीवी स्टूडियो में उस वक्त अजीब-सा सन्नाटा छा गया, जब रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ लाइव शो में कुछ ऐसा बोल गए कि एंकर को बीच में ही ब्रेक लेना पड़ा. जियो टीवी पर इंटरव्यू के दौरान आसिफ इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू पर जमकर बरसे और अमेरिका से यहां तक कह डाला कि जिस तरह उसने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पकड़कर ले गया, उसी तरह नेतन्याहू को भी ‘उठा’ लेना चाहिए. उन्होंने कहा कि फिलिस्तीनियों के साथ जो कुछ गाजा में हो रहा है, वैसा अत्याचार हजारों साल के इतिहास में किसी ने नहीं किया.
हामिद मीर ने क्या सवाल किया?
बातचीत के दौरान माहौल तब और ज्यादा गरमा गया, जब एंकर हामिद मीर ने एक काल्पनिक सवाल उछाल दिया कि अगर तुर्किये नेतन्याहू को ‘उठाकर’ अंकारा ले आए तो क्या होगा? इस पर ख्वाजा आसिफ ने बिना हिचक कहा कि वह दुआ करते हैं कि ऐसा हो और तुर्किये को फिलिस्तीनियों पर हो रहे अत्याचारों का बदला लेना चाहिए. यह टिप्पणी सुनते ही स्टूडियो का माहौल अचानक बेहद संवेदनशील हो गया. लेकिन असली संकट तब खड़ा हुआ, जब आसिफ ने बिना नाम लिए नेतन्याहू का समर्थन करने वालों पर भी कार्रवाई की बात छेड़ दी.
